सूत्रों का दावा- हरियाणा से जुड़े भूमि कारोबारियों की भूमिका की भी जांच की मांग, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी
विकासनगर, 27 जुलाई। विकासनगर के ग्राम ढालीपुर में अवैध प्लॉटिंग के लिए रातों-रात 5 से 6 हरे-भरे आम के पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। विकासनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आम की लकड़ी से भरे दो बोलेरो पिकअप और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और बाहरी भूमि कारोबारियों की सक्रियता को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर हरबर्टपुर चौक से बोलेरो पिकअप संख्या UK07CA7658 को रोका गया। चालक आरिफ निवासी लक्ष्मीपुर, सहसपुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां लगभग 5-6 आम के ताजा कटे पेड़, लकड़ियां और दो अन्य वाहन—बोलेरो UK10CA0974 तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली UK16E-1068—लकड़ी से लदे मिले। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद 9-10 लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने वन संरक्षण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वाहनों और लकड़ी को कब्जे में ले लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सूत्रों का दावा है कि पांवटा रोड स्थित जसवंत सिंह नगर क्षेत्र में प्रस्तावित प्लॉटिंग के लिए आम के पेड़ों की कटाई कराई गई। यहां पड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे प्रकरण में मोहसिन, सरफराज और राकेश नाम के व्यक्तियों की भूमिका की चर्चा है। साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि हरियाणा निवासी रंजीत नाम का एक भूमि कारोबारी इस प्लॉटिंग से जुड़ा हुआ है। हालांकि, इन दावों की अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पछवादून क्षेत्र में बाहरी राज्यों के कुछ भूमि कारोबारी तेजी से जमीनों के सौदों और अवैध प्लॉटिंग में सक्रिय हो रहे हैं। इस घटना के बाद ऐसे नेटवर्क की गहन जांच की मांग भी उठने लगी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकरण में शामिल की किसी भी व्यक्ति को बक्शा नहीं जाएगा। याद के दौरान जिन लोगों के नाम प्रकाश में आएंगे उनके खिलाफ भी मुकदमें दर्ज किए जाएंगे।
