विकासनगर। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के विकासनगर-डाकपत्थर रोड स्थित कैंप कार्यालय में मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को उत्तराखंड के गांधी एवं राज्य आंदोलन के पुरोधा स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने की। इस दौरान दल के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय बडोनी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि इंद्रमणि बडोनी का जीवन उत्तराखंड के अधिकारों और राज्य निर्माण के संघर्ष को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बडोनी के विचार और संघर्ष आज भी उत्तराखंड के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राज्य के बुनियादी मुद्दों, जल-जंगल-जमीन और प्रदेश के हक-हकूकों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्य आंदोलन के पुरोधा इंद्रमणि बडोनी ने जिस उत्तराखंड की कल्पना की थी, उसे धरातल पर उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर सभी ने बडोनी के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए सामूहिक रूप से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला पछवादून के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वी.एस. नेगी, कार्यकारी प्रदेश मंत्री मनोज कंडवाल, शहर अध्यक्ष विकासनगर जय कृष्ण उनियाल, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष असगर अली, जिला संगठन मंत्री रितु ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष अनिल पंवार, ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ उनियाल, दिनेश डंगवाल, सुरेंद्र बिष्ट, रणजीत सिंह, पूरण प्रसाद भट्ट तथा सुशील कुमार सहित यूकेडी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार