पिकअप का पिछला टायर निकलने से हुआ हादसा, पीछे से आ रही ईको वैन भी टकराई; तीन घायलों का अस्पतालों में उपचार जारी

देहरादून। कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में बुधवार सुबह मणिमाई मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा पिकअप वाहन का पिछला टायर अचानक निकल जाने के कारण हुआ। अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रही ईको वैन भी पिकअप से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार 19 अगस्त को सुबह करीब 10:40 बजे की है। सूचना मिलते ही कोतवाली डोईवाला और चौकी हर्रावाला से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हादसे में दोनों वाहनों में सवार कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दो घायलों को मृत घोषित कर दिया, जबकि उपचार के दौरान दो अन्य घायलों की भी मौत हो गई। हादसे में घायल तीन लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

मृतकों में दो की पहचान

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान नरेश पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक, हरियाणा, उम्र 42 वर्ष तथा विनोद निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की कार्रवाई की जा रही है।

तीन घायलों का उपचार जारी

घायलों में विपेंद्र सिंह पुत्र रामबरन सिंह, निवासी रेलवे रोड, हरियाणा, उम्र 35 वर्ष और विक्की पुत्र रामभरोसे, निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। तीसरे घायल का उपचार जॉली ग्रांट अस्पताल में चल रहा है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना अचानक होने और कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उनकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी। पुलिस मृतकों और अन्य घायलों की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार