देहरादून, 02 सितम्बर 2026। उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग में आयुक्त पद पर नियुक्त श्री दीपेन्द्र चौधरी ने बुधवार को सचिवालय में पद की शपथ ग्रहण की। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने उन्हें पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने श्री चौधरी को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करेंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना तथा प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। इस उद्देश्य को प्रभावी ढंग से लागू करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त आयुक्त दीपेन्द्र चौधरी ने कहा कि वे आयोग द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही नागरिकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कार्य करेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय सहित शासन एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
