देहरादून। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। समाज कल्याण विभाग ने सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन समय रहते ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने कहा कि अंतिम तिथि के बाद कोई पात्र विद्यार्थी आवेदन से वंचित रहता है तो संबंधित शिक्षण संस्थान की जिम्मेदारी तय की जाएगी। विभाग ने एससी, एसटी, ओबीसी, ईबीसी और दिव्यांग वर्ग के पात्र विद्यार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षण संस्थानों को आवेदन के साथ सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं भी तय समय सीमा में पूरी करने को कहा गया है। अधिकारियों ने अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना पात्र विद्यार्थी जल्द से जल्द छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी छात्र योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
