विकासनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत डाकपत्थर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10.28 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है।

मुख्यमंत्री की ड्रग्स फ्री उत्तराखंड की परिकल्पना को साकार करने तथा एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने गुरुवार तड़के डाकपत्थर क्षेत्र में कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार डाकपत्थर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह और उनकी टीम ने झूलापुल डाकपत्थर क्षेत्र से आशिफ पुत्र इकबाल निवासी सहसपुर, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.28 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।

बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा संख्या 267/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए स्मैक बेचने का काम करता है। उसने बताया कि कुछ स्मैक वह स्वयं इस्तेमाल करता है, जबकि बाकी स्थानीय लोगों को बेचकर मुनाफा कमाता है।

आरोपी ने स्मैक कुंजा निवासी एक महिला से खरीदकर लाने की बात भी बताई है। पुलिस उक्त महिला की भूमिका की जांच कर रही है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत विवेचना की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में डाकपत्थर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह और कांस्टेबल रविन्द्र चौहान शामिल रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार