तीन वर्षों में 37वें से 12वें पायदान तक पहुंचा देहरादून, स्वच्छ हवा के लिए सरकारी प्रयास और जनभागीदारी रंग लाई

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून ने स्वच्छ वायु के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देहरादून ने देशभर में 12वां स्थान प्राप्त किया है।
खास बात यह है कि देहरादून ने पिछले कुछ वर्षों में रैंकिंग में लगातार सुधार किया है। वर्ष 2024 में शहर 41वें स्थान पर था, वर्ष 2025 में 19वें स्थान पर पहुंचा और अब वर्ष 2026 में 12वां स्थान हासिल कर राजधानी ने लंबी छलांग लगाई है। तीन वर्षों की समग्र यात्रा में देहरादून का 37वें से 12वें स्थान तक पहुंचना वायु गुणवत्ता सुधार की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वायु को लेकर किए जा रहे प्रयासों का असर अब राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में दिखाई देने लगा है। धूल नियंत्रण, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर निगरानी, मैकेनिकल सफाई, स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा और जनजागरूकता जैसे प्रयासों ने देहरादून की वायु गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर निगम और संबंधित विभागों ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन के माध्यम से जल छिड़काव किया। प्रमुख मार्गों और सड़क किनारों पर धूल नियंत्रण के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का नियमित संचालन किया गया। खुले में कूड़ा जलाने के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाए गए, वहीं प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर पीयूसी जांच के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई।
शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने और चार्जिंग स्टेशनों का विस्तार करने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है। इसके अलावा वायु गुणवत्ता की सतत निगरानी और आंकड़ों के आधार पर समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई ने प्रदूषण नियंत्रण अभियान को अधिक प्रभावी बनाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर देहरादूनवासियों, नगर निगम, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित विभागों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून का बेहतर प्रदर्शन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में देहरादून का 37वें से 12वें स्थान पर पहुंचना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि देहरादून की जागरूक जनता की सक्रिय भागीदारी, नगर निगम के समर्पित कार्यों तथा उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सतत निगरानी का सम्मिलित परिणाम है। स्वच्छ वायु केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के स्वस्थ जीवन और बेहतर भविष्य से जुड़ा विषय है।”
उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। देहरादून की यह उपलब्धि आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है।
देहरादून के अलावा ऋषिकेश और काशीपुर जैसे शहरों में भी वायु गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में सकारात्मक प्रगति दर्ज की गई है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अन्य शहरों में भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी कार्ययोजनाएं लागू कर स्वच्छ वायु अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार