देहरादून। भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के देहरादून कैंपस की स्थापना की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देहरादून में प्रस्तावित आईआईएम काशीपुर कैंपस का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड समेत आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रबंधन के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश समेत संबंधित विभागों और आईआईएम काशीपुर के अधिकारी मौजूद रहे।
