देहरादून। महंगे शौक पूरे करने के लिए तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे छह युवकों ने नशे के कारोबार का रास्ता चुन लिया। राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली के सिद्धू गैंग से जुड़े छह कथित पेडलरों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात शहंशाई रिजॉर्ट, ओल्ड मसूरी रोड के पास एक कार से चार आरोपियों वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत ममगांई और चिराग रस्तोगी को 27.12 ग्राम एमडीएमए के साथ पकड़ा गया। वहीं सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास से अभिषेक थापा और वैभव ममगांई को 17.49 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर रहकर तकनीकी पाठ्यक्रम कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते थे और उसके गैंग के पेडलर के रूप में देहरादून में एमडीएमए की सप्लाई करते थे। आरोप है कि सिद्धू या उसके एजेंट उन्हें देहरादून में नशीला पदार्थ उपलब्ध कराते थे। कभी-कभी आरोपी खुद दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर भी एमडीएमए लेकर आते थे।

पुलिस का कहना है कि आरोपी खासतौर पर कॉलेज छात्रों को ऊंचे दाम पर एमडीएमए बेचते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी अच्छे परिवारों से हैं और उच्च शिक्षा हासिल कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, महंगे शौकों को पूरा करने के लिए वे नशे की तस्करी में शामिल हुए।

आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एमडीएमए के अलावा एक इग्निस कार और 12 पॉलिथीन पैकेट भी बरामद किए हैं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार