दुबई की कंस्ट्रक्शन कंपनी में 19 युवाओं को मिला रोजगार, 53 का मौके पर चयन

देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में 200 से अधिक युवाओं का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन हुआ। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत 19 युवाओं का दुबई की कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी में रोजगार के लिए चयन हुआ।

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में आयोजित रोजगार मेले में 20 से अधिक निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि मेले में 53 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में ऑन द स्पॉट चयन किया गया, जबकि 149 युवाओं को दूसरे चरण के लिए चयनित किया गया।

दुबई में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार के अवसरों को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह रहा। इसके लिए 300 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट, बजाज कैपिटल और स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड समेत विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए 600 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया।

रोजगार मेले में देहरादून के अलावा अन्य जिलों से भी युवा पहुंचे। टिहरी गढ़वाल से आए फारसराम भट्ट ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को अपनी योग्यता और प्रतिभा के अनुरूप रोजगार हासिल करने का अवसर उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।

अधिकारियों के अनुसार रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार तलाशने में सुविधा मिल रही है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार