देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड कायम किया है। चारधाम यात्रा में अब तक 56,18,497 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज सर्वाधिक श्रद्धालुओं के आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए यात्रा ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए इस वर्ष देश-दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण और चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में विश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को मजबूत किया है। यात्रा के दौरान प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ समेत विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।
सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी से भी चारधाम यात्रा को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो।
मुख्यमंत्री ने यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े सभी कार्मिकों के प्रयासों की सराहना की।
