देहरादून। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उपनल के माध्यम से जल विद्युत निगम में कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग की। इस संबंध में नेगी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
नेगी ने कहा कि यूपीसीएल में कार्यरत उपनल के पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ अनुमन्य किया जा चुका है, लेकिन यूजेवीएनएल में कार्यरत पूर्व सैनिक अभी इस लाभ से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि उपनल कर्मचारियों से संबंधित जनहित याचिका संख्या 116/2018, कुंदन सिंह बनाम उत्तराखंड राज्य व अन्य में उच्च न्यायालय ने उपनल के माध्यम से कार्यरत एवं प्रायोजित कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन सहित अन्य लाभ दिए जाने के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में शासन ने 3 फरवरी 2026 को सभी विभागों को समान कार्य-समान वेतन दिए जाने के संबंध में निर्देश जारी किए थे।
नेगी के अनुसार, शासन के इन निर्देशों के अनुपालन में लगभग सभी विभागों और निगमों में पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिया जा चुका है, लेकिन यूजेवीएनएल द्वारा अभी तक इन आदेशों का अनुपालन नहीं किया गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से यूजेवीएनएल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को भी शासनादेश के अनुरूप समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग की। नेगी ने कहा कि मोर्चा को मुख्यमंत्री के आश्वासन पर भरोसा है और उम्मीद है कि पूर्व सैनिकों को जल्द न्याय मिलेगा।
