1350 मीटर लंबे मार्ग पर सड़क नवीनीकरण के साथ नाली, प्रतिधारक दीवार और पैरापिट का होगा निर्माण
विकासनगर । सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत अटकफार्म के कैंचीवाला में सड़क सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में पहल की गई है। बुधवार को सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने बैशाखीराम के घर से जमड़े की चौकी तक 1350 मीटर लंबे मोटर मार्ग के नवीनीकरण एवं सुरक्षात्मक कार्यों का शिलान्यास किया। लोक निर्माण विभाग की ओर से इन कार्यों पर ₹89.63 लाख खर्च किए जाएंगे।
परियोजना के तहत मोटर मार्ग का नवीनीकरण करने के साथ नालियों, प्रतिधारक दीवारों और पैरापिट का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से जहां ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने के साथ सड़क को भी मजबूती मिलेगी। सुरक्षात्मक निर्माण से मार्ग पर आवाजाही को सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क, पेयजल, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार जनआवश्यकताओं के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास कार्यों का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिल रही है। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दिया जा रहा है।
शिलान्यास कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुनीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीषा, वार्ड सदस्य अंजू, पूर्व प्रधान ताराचंद, राम सिंह, कुलदीप, गोपाल, जैन प्रकाश, श्यामसुंदर, ऋषिपाल, आनंद सिंह, मोहन सिंह, संदीप पाल, नरेश कुमार तथा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश सहित अनेक ग्रामीण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
