शीर्षक:
SIR में 92 प्रतिशत से अधिक डिजिटाईजेशन पूर्ण, अल्मोड़ा और चम्पावत में कार्य शत-प्रतिशत संपन्न
देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को यथाशीघ्र पूर्ण किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को “अन कलेक्टेबल” श्रेणी में दर्ज किया गया है, उनका पुनः एक बार विस्तृत सत्यापन किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रह जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन जनपदों में डिजिटाइजेशन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, वहां मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि प्रदेश में अब तक 99 प्रतिशत से अधिक गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जबकि डिजिटाइजेशन का कार्य 92 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो गया है। अल्मोड़ा और चम्पावत जनपदों में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।
अन्य जनपदों में बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 97 प्रतिशत, टिहरी गढ़वाल में 96 प्रतिशत, उत्तरकाशी में 95 प्रतिशत, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में 94 प्रतिशत, रुद्रप्रयाग में 93 प्रतिशत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में 91 प्रतिशत तथा देहरादून एवं हरिद्वार में 88 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों की अब तक की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को बधाई दी और कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं ईआरओ उपस्थित रहे।
