देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून ने 01 और 02 जुलाई को उत्तराखंड के कई जनपदों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 01 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली, तेज बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।

इसी प्रकार, 02 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपदों में भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड में रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में संबंधित विभागों को तत्काल मार्ग खोलने, अधिकारियों को संचार माध्यम सक्रिय रखने तथा आवश्यक खाद्य एवं चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से तत्काल संपर्क करें।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार