‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत रविवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को उनके हक और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बलजीत सिंह एवं एडवोकेट डिंपल सिंह ने छात्रों से मुलाकात कर पेपर लीक और सरकारी नौकरियों में कथित धांधली जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में छात्रों ने खुलकर अपनी पारिवारिक परिस्थितियों, मानसिक तनाव और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उत्पन्न चिंताओं को साझा किया। छात्रों ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से उनके मन में गहरी निराशा और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।
इस अवसर पर छात्र नेता अभिषेक सिंह और फिटनेस इंस्ट्रक्टर हिमांशु पटेल ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्रों को कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, किसी भी प्रकार का गलत कदम न उठाने और अपने अधिकारों की लड़ाई को सकारात्मक एवं मजबूती के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
