देहरादून। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को धर्मावाला में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बॉर्डर समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी (सर्किल) सहसपुर ने की। बैठक में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद से क्षेत्राधिकारी बेहट, प्रभारी निरीक्षक मिर्जापुर तथा थाना मिर्जापुर के बादशाही बाग चौकी प्रभारी सहित उत्तराखंड पुलिस की ओर से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहसपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली विकासनगर, चौकी प्रभारी धर्मावाला, चौकी प्रभारी कुल्हाल और चौकी प्रभारी हरबर्टपुर मौजूद रहे।

बैठक में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान यातायात प्रबंधन, शांति एवं कानून व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

पुलिस अधिकारियों ने यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान तथा सीमा क्षेत्रों में संयुक्त समन्वय के साथ कार्य करने पर सहमति जताई, ताकि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार