देहरादून, 30 जुलाई। जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में बताया कि 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इनमें वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान के दौरान पाई गई विसंगतियां, अपूर्ण विवरण या डेटा मिलान संबंधी समस्याएं शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार जिले में 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। अब तक 74 हजार नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष नोटिस अगले दो-तीन दिनों में घर-घर पहुंचा दिए जाएंगे। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) नोटिस तामील कराने के साथ निर्वाचन आयोग के ऐप पर फोटो भी अपलोड कर रहे हैं।

3 अगस्त से बूथवार विशेष शिविर

मतदाता विवरण में सुधार, दावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए 3 अगस्त से 29 अगस्त तक सभी बूथों पर विशेष सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान नए पात्र मतदाताओं के फार्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे। 11 सितंबर तक सभी दावे और आपत्तियां निस्तारित कर मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा, जबकि 15 सितंबर को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित होगी।

2045 बूथों पर होगी निगरानी

देहरादून जिले की 10 विधानसभा सीटों में कुल 2045 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया के संचालन के लिए 10 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और 222 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तैनात किए गए हैं।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 तैनात करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार