बरसाती नाले में डूबने से दो मासूम बहनों की दर्दनाक मौत, क्लेमेंटटाउन में हादसा
देहरादून, 30 जुलाई। देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में बरसाती नाले में बहने से दो मासूम बहनों की मौत हो गई। घटना नई बस्ती स्थित दुर्गा मंदिर के पास की है, जहां तेज बहाव में दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई थीं।
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4 बजे राजेश मित्तल ने थाना क्लेमेंटटाउन को सूचना दी कि दो बच्चियां बरसाती नाले में बहकर रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था। तब तक दोनों की डूबने से मौत हो चुकी थी।
मृतक बच्चियों की मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटियां लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) दोपहर में घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक नाले में पानी का तेज बहाव आ गया और दोनों बहकर रैंप के नीचे फंस गईं। काफी देर तक तलाश के बाद बड़ी बेटी के पैर दिखाई देने पर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और वर्तमान में नई बस्ती में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। घटना के समय बच्चियों के पिता अपने गांव बिहार गए हुए थे, जिन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
