डोईवाला। जौलीग्रांट के हिमालयन चौक स्थित मोबाइल शॉप में चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18 की-पैड और पांच स्मार्टफोन समेत कुल 23 मोबाइल बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। चोरी में प्रयुक्त वर्ना कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को मिस्सरवाला निवासी गौरव राठौर ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया था कि रात के समय अज्ञात चोरों ने जौलीग्रांट स्थित उनकी ग्लोबल मोबाइल स्टोर का ताला तोड़कर स्मार्टफोन और की-पैड मोबाइल चोरी कर लिए। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने पूर्व में नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों की जानकारी जुटाने के साथ घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान 18 सितंबर को सौंग नदी पुल के पास हरिद्वार-भानियावाला मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने वर्ना कार संख्या HR71F-6756 को रोककर तलाशी ली।

कार में सवार शैफुल रहमान (22), फरीद (19) और इजहार (19) निवासी खेलपुर नसरूलापुर, भगवानपुर, हरिद्वार, हाल निवासी मोहब्बेवाला, क्लेमेन्टाउन, देहरादून के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 23 मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने जौलीग्रांट स्थित मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। उन्होंने जौलीग्रांट क्षेत्र में दुकान की रेकी की और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने वारदात के दौरान वर्ना कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।

गिरफ्तार आरोपियों में इजहार पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ भगवानपुर और गंगनहर रुड़की थानों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

बरामदगी में जियो और इंटेल के 18 की-पैड मोबाइल, वीवो के दो, टेक्नो, पोको और मोटोरोला का एक-एक स्मार्टफोन तथा घटना में प्रयुक्त वर्ना कार शामिल है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में जौलीग्रांट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चिंतामणि मैठानी, हेड कांस्टेबल नरेंद्र रावत, कांस्टेबल सचिन राणा, दिनेश डोगरा तथा एसओजी के कांस्टेबल नवनीत, सोनी कुमार और मनोज कुमार शामिल रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार