भगवानपुर। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने झोपड़ी से गैस सिलेंडर और नकदी चोरी होने की घटना का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो गैस सिलेंडर और 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक चाकू भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की रात सिसौना निवासी आशुतोष की झोपड़ी से अज्ञात चोर दो गैस सिलेंडर और 1,500 रुपये चोरी कर ले गए थे। मामले में भगवानपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने चार विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे करीब 125 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 29 सितंबर को गागलहेड़ी रोड स्थित गर्ग के बाग के पास से चार आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश (25), शाकिब (27), शुभम (30) और करण (25) के रूप में हुई है। इनमें कुछ आरोपी मूल रूप से सहारनपुर और बागपत क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में सिसौना क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से चोरी किए गए दोनों एचपी गैस सिलेंडर, 1,500 रुपये नकद, चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस कार्रवाई एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में की गई।
