विकासनगर/चकराता। चकराता वन प्रभाग ने आरक्षित वन क्षेत्रों और नदी तटीय इलाकों में अवैध गतिविधियों एवं अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत वानिकी प्रशिक्षण केंद्र, रामपुर मंडी के आरक्षित वन क्षेत्र और नदी किनारे के संवेदनशील क्षेत्रों में आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित की गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी वैभव कुमार सिंह के निर्देशन में स्थापित इस निगरानी व्यवस्था के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग और संचालन वन क्षेत्राधिकारी आनंद रावत एवं विभागीय कार्मिकों द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष से किया जा रहा है।
वन विभाग का कहना है कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से अवैध खनन, वन अपराध और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि वे आरक्षित वन क्षेत्रों एवं नदी तटीय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें।
चकराता वन प्रभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 (उत्तराखण्ड संशोधन, 2001) की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
