विकासनगर, 6 अगस्त। उत्तराखंड के चकराता निवासी एवं सेपियंस स्कूल, विकासनगर के कक्षा 10 के छात्र लक्की रावत ने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक एवं शैक्षिक अभियान ‘आइस ब्रेकर ऑफ नॉलेज’ में चयनित होकर भारत का गौरव बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित अभियान में लक्की भारत के एकमात्र छात्र प्रतिनिधि हैं, जो पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
रूस के मुरमान्स्क से शुरू हुए 10 दिवसीय इस अभियान में 22 देशों के 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के छात्र भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी न्यूक्लियर आइसब्रेकर जहाज ‘50 लेट पोबेडी’ पर सवार होकर 90 डिग्री उत्तरी अक्षांश तक की ऐतिहासिक यात्रा कर रहे हैं। अभियान के दौरान छात्रों को आर्कटिक क्षेत्र, जलवायु परिवर्तन, ध्रुवीय पारिस्थितिकी, समुद्री विज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।

लक्की रावत ने इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए तीन चरणों वाली कठिन चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। प्रत्येक देश से केवल एक छात्र का चयन किया गया। लक्की ने कहा कि यह अनुभव उन्हें विज्ञान, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगा।

लक्की रावत के पिता राम सिंह तथा माता गीता देवी हैं। उनका परिवार मूल रूप से चकराता, जनपद देहरादून का निवासी है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है।

विद्यालय प्रबंधक रविकांत सपरा, विद्यालय अध्यक्षा श्रीमती इंदिरा रानी, श्रीमती रशिता सपरा, निदेशिका सुश्री रश्मि गोयल, प्रधानाचार्य नवीन तनेजा, हरबर्टपुर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गीता नेगी, एस.ए.पी. नंदी बिष्ट, अश्विनी कुमार, सुमालती उनियाल, बेबी राठौर तथा समस्त शिक्षकों ने लक्की रावत को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
