विकासनगर। जिला कांग्रेस कमेटी ने नीट (NEET) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। विकासनगर स्थित तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से लाखों छात्रों की मेहनत, समय और भविष्य पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर मुद्दे पर प्रधानमंत्री की ओर से अब तक कोई स्पष्ट और ठोस बयान नहीं आया है।
संजय किशोर ने कहा कि परीक्षा घोटालों के कारण छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। कई मामलों में युवाओं द्वारा आत्महत्या जैसे दुखद कदम उठाने की खबरें भी सामने आई हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रों और उनके परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता उन परिवारों से संपर्क करेंगे जिनके बच्चे नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों और अभिभावकों की समस्याओं को सुनकर उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाई जाएगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने नीट पेपर लीक प्रकरण और अन्य परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रेस वार्ता में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा, विपुल जैन, शम्मी प्रकाश, आशीष पुंडीर, सुरेंद्र शर्मा, असद खान, विनोद रावत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
