विकासनगर। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विकासनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी प्रभारी डाकपत्थर उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 26 लाख रुपये मूल्य की 86.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को गैस गोदाम क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी जाकिर (24 वर्ष) निवासी बड़ा कुआं, मिर्जापुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को उत्तर प्रदेश के कैराना से खरीदकर लाया था। उसका इरादा स्थानीय नशे के आदी लोगों, आसपास के कामगारों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को इसकी सप्लाई करने का था। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस को पूछताछ के दौरान अन्य नशा तस्करों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी डाकपत्थर उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह के साथ उपनिरीक्षक सनोज कुमार, कांस्टेबल नरेश पंत, नवीन कोहली, पदम सिंह और रविन्द्र चौहान शामिल रहे।
