चकराता। विकासखंड चकराता क्षेत्र के लाखामंडल में लंबे समय से बंद पड़ी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) को पुनः संचालित करने की मांग तेज हो गई है। क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भाजपा नेता एवं क्वांसी मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष बचन शर्मा ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं पशुपालन, दुग्ध विकास और मत्स्य विभाग के मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से बचन शर्मा ने कहा कि लाखामंडल क्षेत्र में आईटीआई के बंद होने से स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है। पर्वतीय क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं के लिए यह स्थिति और अधिक कठिन है।

उन्होंने कहा कि यदि लाखामंडल आईटीआई को पुनः संचालित किया जाता है तो क्षेत्र के युवाओं को उनके घर के नजदीक ही विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे युवाओं को कौशल विकास के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त होंगे।

बचन शर्मा ने मंत्री से आईटीआई की वर्तमान स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक संसाधन एवं प्रशिक्षकों की व्यवस्था करते हुए संस्थान को जल्द से जल्द पुनः संचालित कराने की मांग की।

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने ज्ञापन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार