विकासनगर: ग्राम पंचायत ढलानी में मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं और फर्जी मास्टर रोल के जरिए सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत पर विकासखंड प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। शिकायतकर्ता सुनील सिंह निवासी ढलानी द्वारा सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद खंड विकास अधिकारी, विकासनगर ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

शिकायत में मुख्य सड़क से मलेथा तक सीसी रोड निर्माण, बलजीत के घर के पास सुरक्षा दीवार (पुस्ता) निर्माण, जगदीश के घर के पीछे सुरक्षा कार्य तथा ढलानी में मिथलेश एवं कमलेश के खेत में कराए गए सुरक्षा कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।

जांच समिति में सहायक खंड विकास अधिकारी विजय प्रकाश चमोली, सहायक सांख्यिकी अधिकारी बृजमोहन, ग्रामीण निर्माण विभाग के अवर अभियंता चरण सिंह तंवर और कनिष्ठ अभियंता विमेश को सदस्य बनाया गया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर जांच कर अपनी आख्या उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार