देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित युवाओं की नियुक्तियां शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में विभिन्न पदों पर की गई हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार-मुक्त भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया है, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और युवाओं का विश्वास भी मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य योग्य, प्रतिभाशाली और मेहनती युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से अब तक राज्य में 33 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है, जो युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

श्री धामी ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज और राज्य की सेवा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। प्रत्येक कर्मचारी की कार्यशैली और प्रतिबद्धता का सीधा प्रभाव जनता तक पहुंचने वाली सेवाओं की गुणवत्ता पर पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और इस विकास यात्रा में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी नवनियुक्त कार्मिक अपने कार्यों के माध्यम से सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए राज्य के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देंगे।

कार्यक्रम में बताया गया कि UKSSSC के माध्यम से चयनित इन 221 अभ्यर्थियों की नियुक्ति से संबंधित विभागों में रिक्त पदों की पूर्ति होगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी तथा आम जनता को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता और दक्षता में भी सुधार होगा। राज्य सरकार लगातार विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है ताकि योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हों और शासन-प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।

By atmamanathan

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *