देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक वृद्ध व्यक्ति की राजपुर रोड स्थित करोड़ों रुपये की जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर उसका सौदा कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, सात जून 2026 को बलवंत सिंह निवासी साईं मंदिर के निकट, राजपुर रोड ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दीपक अग्रवाल और मान देवी ने उनकी मौजा डाक पट्टी, राजपुर रोड स्थित जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर उसमें से 120-120 गज के दो प्लॉट दिल्ली निवासी सुंदर अग्रवाल और अशोक कुमार गुप्ता को बेच दिए और इसके एवज में करोड़ों रुपये प्राप्त किए।

मामले में थाना राजपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 30 जून को राजपुर तिराहे के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में 52 वर्षीय दीपक अग्रवाल निवासी आशीर्वाद एंक्लेव, देहरा खास, थाना पटेलनगर और 70 वर्षीय मान देवी निवासी राजपुर रोड, देहरादून शामिल हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार