सिडकुल क्षेत्र में दो बालिकाएं आईं पानी की चपेट में, 7 वर्षीय हिमानी को बचाया गया; विदिशा की तलाश में पुलिस और SDRF जुटी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में भारी बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कृपाल स्कूल के पास पुलिया पर खेल रही दो बालिकाएं अचानक नाले के तेज बहाव की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों की मदद से 7 वर्षीय हिमानी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 वर्षीय विदिशा नाले के तेज बहाव में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। थानाध्यक्ष सिडकुल के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ SDRF की टीम भी लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। बीती रात से नाले और आसपास के संभावित क्षेत्रों में बालिका की तलाश की जा रही है।
विदिशा पुत्री गौतम कुमार मूल रूप से ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर की रहने वाली है और वर्तमान में कृपाल स्कूल के पास रावली महदूद में परिवार के साथ रह रही थी।
पुलिस और SDRF की टीमें उपलब्ध संसाधनों तथा स्थानीय लोगों की मदद से मासूम की तलाश में हरसंभव प्रयास कर रही हैं।
