देहरादून, 16 जुलाई। हरेला पर्व के अवसर पर उत्तराखंड पहुंचे मुख्य सचिव का हाइड्रो इलेक्ट्रिक इम्प्लाइज यूनियन (उत्तराखंड) इंटक ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान यूनियन ने ऊर्जा निगम कर्मचारियों की वर्षों से लंबित विभिन्न मांगों के समाधान को लेकर मुख्य सचिव को ज्ञापन भी सौंपा।
यूनियन के प्रदेश महामंत्री संजय राणा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण समस्याएं लंबे समय से शासन एवं विभाग स्तर पर लंबित हैं, जिनके समाधान की कर्मचारी लगातार अपेक्षा कर रहे हैं।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में जौनसार-बावर क्षेत्र की जल विद्युत परियोजनाओं की भूमि यूजेवीएनएल को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने, वर्ष 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना एवं जीपीएफ का लाभ देने, तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के अनुरूप ग्रेड वेतन प्रदान करने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पूर्व की भांति समयबद्ध वेतनमान का लाभ देने तथा वर्ष 2020 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को विभागीय विद्युत संयोजन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
यूनियन ने मुख्य सचिव से कर्मचारियों की इन लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रेम प्रकाश, संजय सत्संगी, सूरज पुंडीर, रैयताश कुंवर, संजय राणा, पंकज नैथानी, गोविंद सजवाण, रवि सकलानी, महेंद्र चौहान, सुनील शर्मा, प्रकाश जयाड़ा एवं वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
