नैनीताल। कैंचीधाम मंदिर के पास मंगलवार तड़के दूध लेकर जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इससे पहले स्थानीय लोगों ने खाई में उतरकर तीनों घायलों को बाहर निकाल लिया था।

आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से सुबह एसडीआरएफ पोस्ट खैरना को हादसे की सूचना मिली। उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर जिला पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

एसडीआरएफ टीम ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल पर सर्चिंग भी की गई। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त पिकअप संख्या UK04 CC 3465 लालकुआं से दूध लेकर जा रही थी। बताया गया कि रात करीब दो बजे कैंचीधाम मंदिर के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।

हादसे में अंकित सिंह (33), बॉबी और मोहम्मद साकिब (10) घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की तत्परता से तीनों को समय रहते खाई से बाहर निकाल लिया गया।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार