धर्मावाला-प्रतीतपुर मार्ग गड्ढों में तब्दील, ग्रामीण बोले- चुनाव से पहले सड़क नहीं बनी तो भाजपा के पक्ष में नहीं करेंगे मतदान

विकासनगर। सड़क पर गड्ढे हों तो सफर मुश्किल होता है, लेकिन जब करीब 12 साल तक सड़क की मरम्मत ही न हो तो लोगों का गुस्सा फूटना लाजिमी है। धर्मावाला से प्रतीतपुर गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग ने करीब 12 वर्ष पहले सड़क का निर्माण कराया था, लेकिन उसके बाद से इसकी मरम्मत नहीं हुई। अब सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि चुनाव से पहले सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो वे भाजपा के पक्ष में मतदान नहीं करेंगे।

शिकायतें कई बार, लेकिन सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं!

सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने गांव के पूर्व ग्राम प्रधान ऋषिपाल सैनी के आवास पर बैठक कर अपना आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है।

पूर्व ग्राम प्रधान ऋषिपाल सैनी ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान, लोक निर्माण विभाग और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण निराश और आक्रोशित हैं।

95 प्रतिशत मतदाता भाजपा समर्थक, फिर भी गांव की अनदेखी का आरोप

ग्रामीणों ने कहा कि प्रतीतपुर गांव के करीब 95 प्रतिशत मतदाता भाजपा के समर्थक हैं। इसके बावजूद गांव की बुनियादी समस्या का समाधान नहीं होना समझ से परे है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा शासन में भी गांव की सड़क की सुध नहीं ली जाएगी तो उनकी समस्याओं का समाधान कब होगा?

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि चुनाव से पहले धर्मावाला-प्रतीतपुर सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो वे भाजपा के पक्ष में मतदान नहीं करेंगे। उनका कहना है कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरत है। इसकी अनदेखी सीधे तौर पर लोगों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा मामला है।

तत्काल सर्वे कराकर निर्माण शुरू कराने की मांग

बैठक में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क का तत्काल सर्वे कराने तथा पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि अब आश्वासनों के बजाय धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए, ताकि लोगों को गड्ढों भरी सड़क से राहत मिल सके।

बैठक में ग्राम प्रधान नीरज देवी, पूर्व ग्राम प्रधान ऋषिपाल सैनी, रमेश सैनी, नरेंद्र कुमार, राजकुमार, राकेश कुमार, रंजू पाल, रघुनाथ सैनी, परविंदर सैनी, श्याम सिंह सैनी, बिरम पाल सैनी, रामेश्वर सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार