देहरादून, 26 जून 2026। पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर पांवटा साहिब सीमा पर शुक्रवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। प्रशासन और पुलिस ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने पांवटा साहिब सीमा का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच और निगरानी की जा रही है। इस बीच गुरुद्वारा पांवटा साहिब में प्रशासन और निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकारात्मक वार्ता जारी है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और इससे किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी की गई है और शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार