नई दिल्ली। उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए आगामी चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान प्रेम चंद अग्रवाल ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह, रुद्राक्ष की माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श हुआ।

उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव होना है। वर्तमान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके लिए निर्वाचन आयोग ने 16 अक्टूबर 2026 को मतदान की तारीख निर्धारित की है।

राज्यसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा के भीतर संभावित उम्मीदवार को लेकर मंथन शुरू होने की खबरें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रेम चंद अग्रवाल की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से हुई मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अभी पार्टी की ओर से प्रेम चंद अग्रवाल के नाम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

मुलाकात के बाद भाजपा के राजनीतिक और संगठनात्मक गलियारों में प्रेम चंद अग्रवाल की संभावित नई जिम्मेदारी को लेकर चर्चाएं जरूर तेज हो गई हैं। राज्यसभा के अलावा संगठन में किसी महत्वपूर्ण भूमिका को लेकर भी उनके नाम पर चर्चा होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

भेंट के दौरान प्रेम चंद अग्रवाल ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने पर शुभकामनाएं दीं। अब आगामी दिनों में भाजपा नेतृत्व की ओर से उत्तराखंड की राज्यसभा सीट के लिए किस नाम पर मुहर लगती है, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार