देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर संयुक्त नागरिक संगठन, देहरादून द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी को समाज सेवा के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए ‘भारत के देशभक्त’ सम्मान से सम्मानित किया गया। संयुक्त नागरिक संगठन ने नेगी को देशप्रेम, सामाजिक सरोकारों तथा समाज सेवा के क्षेत्र में लगभग साढ़े तीन दशक से निरंतर किए जा रहे कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने उनके सामाजिक योगदान, त्याग और समर्पण की सराहना की। सम्मान प्राप्त करने के बाद रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गौरव और बड़ी उपलब्धि का अवसर है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज देश के अधिकांश लोगों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों की कुर्बानियों को भुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। नेगी ने कहा कि वह अंतिम सांस तक समाज के दबे-कुचले, अति पिछड़े, पीड़ित और समाज की आखिरी पंक्ति में बैठे लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने सम्मान के लिए संयुक्त नागरिक संगठन का आभार भी व्यक्त किया। संगठन के अध्यक्ष ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) के.जी. बहल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए सांप्रदायिक सौहार्द, पारस्परिक मित्रता, एकजुटता और देशप्रेम की भावना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा के क्षेत्र में रघुनाथ सिंह नेगी का निस्वार्थ योगदान, त्याग और समर्पण प्रेरणादायी है। संयुक्त नागरिक संगठन उनके योगदान को हृदय से नमन करता है और वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) के.जी. बहल, संरक्षक डॉ. फारुकी, महासचिव सुशील त्यागी, मोहन खत्री सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। जन संघर्ष मोर्चा की ओर से आकाश पंवार, हाजी असद और प्रवीण शर्मा पिन्नी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
