देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी।

अभियान के तहत 8 से 10 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्री-एसआईआर और एसआईआर अभियान के तहत एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार करेंगे।

इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और पात्र पाए जाने वाले लोगों से फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का एसआईआर से पहले की मतदाता सूची से मिलान करेंगे। ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन मौजूदा मतदाता सूची में नहीं हैं। बीएलओ इन मतदाताओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने में मदद करेंगे।

अभियान के दौरान 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के भी फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे। बीएलओ द्वारा तैयार बूथवार सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएगी। अभियान में बीएलए और बूथ अवेयरनेस ग्रुप (बीएजी) के सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा।

अभियान के अंतिम चरण में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे, ताकि यदि कोई पात्र मतदाता छूट गया हो तो उसका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का एक और अवसर मिल सके।

प्रेस कांफ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार