हरिद्वार। शुक्रवार परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह पुलिस लाइन हरिद्वार के परेड ग्राउंड पहुंचे और परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने नए रिक्रूट्स और अन्य पुलिस जवानों के साथ दौड़ लगाकर उन्हें फिट रहने तथा अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
एसएसपी ने कहा कि परेड पुलिस बल के अनुशासन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और प्रत्येक जवान के लिए इसकी नियमितता आवश्यक है। परेड के दौरान जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी तथा आरटीसी स्टाफ के सदस्य भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसएसपी ने आरटीसी स्टाफ के साथ बैठक कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों की ट्रेनिंग की जानकारी ली। उन्होंने इंडोर एवं आउटडोर प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षु आरक्षियों को अधिक दक्ष बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश और उपयोगी सुझाव दिए।
उन्होंने जवानों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मौसम के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि सभी जवान स्वस्थ रहकर पूरी लगन और ऊर्जा के साथ प्रशिक्षण एवं फील्ड ड्यूटी का निर्वहन कर सकें।
परेड के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का भौतिक निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। परेड के दौरान जवानों की फिटनेस और अनुशासन का भी आकलन किया गया।
