देहरादून। उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की दस्तक में हो रही देरी का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। मैदानी जिलों में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का दिन का चैन और रातों की नींद दोनों छीन ली है। तेज धूप और उमस के कारण लोग पसीने से तर-बतर हो रहे हैं, जबकि रात के समय भी तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं होने से राहत नहीं मिल पा रही है।
राजधानी देहरादून समेत कई मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों चिलचिलाती धूप और उमस के चलते लोगों को चिड़चिड़ापन, बेचैनी, डिहाइड्रेशन, उल्टी और डायरिया जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है।
हालांकि इस बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। विभाग के अनुसार आज राज्य के 6 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने और भीषण गर्मी व उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है, क्योंकि लंबे समय से मॉनसून का इंतजार किया जा रहा है।
यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो आज की बारिश उत्तराखंडवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दे सकती है।
