देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा है कि पार्टी हमेशा से सभी धर्मों का समान सम्मान करती आई है और आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी धार्मिक यात्रा में व्यवधान उत्पन्न करना उचित नहीं है और यूकेडी प्रदेश की सभी धार्मिक यात्राओं के शांतिपूर्ण एवं सुचारु संचालन के पक्ष में है।
कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल ने सदैव चारधाम यात्रा सहित प्रदेश में आयोजित होने वाली सभी धार्मिक यात्राओं का सम्मान किया है। पार्टी आगे भी इन यात्राओं के निर्विघ्न संचालन में अपना पूरा सहयोग देती रहेगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए धार्मिक यात्राओं को सफल बनाने में सहयोग करें। उत्तराखंड की पहचान उसकी देवभूमि की संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव से है, जिसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
यूकेडी अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी हमेशा उत्तराखंड के चारों प्रमुख समुदायों—हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई—के सम्मान, सुरक्षा और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश में सभी धार्मिक यात्राएं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों, इसके लिए पार्टी का पूरा समर्थन और सहयोग रहेगा।
