बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं होने पर यूपीसीएल कार्यालय में तालाबंदी और जनआंदोलन की चेतावनी
सेलाकुई। क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बदहाल विद्युत व्यवस्था के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने शुक्रवार को यूपीसीएल कार्यालय, सेलाकुई पर प्रदर्शन कर अधिकारियों को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व यूकेडी के जिला अध्यक्ष जितेंद्र पंवार ने किया।
यूकेडी नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता, किसान, व्यापारी, छात्र और औद्योगिक इकाइयों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, बिजली कटौती से पहले उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना दी जाए, जर्जर विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों का शीघ्र रखरखाव कराया जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए।
यूकेडी के केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट ने कहा कि जनता अब बिजली विभाग की लापरवाही को और अधिक बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और अघोषित बिजली कटौती पर रोक नहीं लगी, तो उत्तराखंड क्रांति दल यूपीसीएल कार्यालय में तालाबंदी कर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और सरकार की होगी।
प्रदर्शन के दौरान जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह नेगी, जिला उपाध्यक्ष अनिल पंवार, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अतुल बेंजवाल, जिला महामंत्री हरीश कुनियाल, जिला प्रवक्ता पियूष नेगी, युवा जिला अध्यक्ष विपिन अन्थवाल, नगर अध्यक्ष जयकृष्ण सेमवाल, सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, युवा महामंत्री पंकज रावत, सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल नेगी, निरंजन चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और यूकेडी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार