देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। मौसम विभाग ने बुधवार 25 जून को प्रदेश के कई पहाड़ी जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 26 जून को भी प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि 29 जून तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बीच-बीच में बारिश के दौर जारी रहेंगे, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
