विकासनगर। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल समेत खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल महिला मोर्चा ने विकासनगर में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चौराहे पर पुतला दहन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व महिला मोर्चा की जिला महामंत्री मोहनी नौटियाल और राज्य आंदोलनकारी मंच की जिला अध्यक्ष सीमा कुकरेती ने संयुक्त रूप से किया। महिला मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष विनीता चौहान ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता, विशेषकर महिलाओं के घरेलू बजट को बुरी तरह प्रभावित किया है। रसोई गैस, दाल, तेल, चीनी और सब्जियों के बढ़ते दामों से परिवारों का खर्च संभालना मुश्किल हो गया है।

वक्ताओं ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस सिलेंडर भी महंगे होने के कारण कई घरों में इस्तेमाल से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में राहत नहीं दी गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन भी शुरू किया जाएगा।

प्रदर्शन में रंजना बडोनी, राधा उनियाल, बीना उनियाल, रेखा थपलियाल, बीना पंवार, आशा पंवार, भक्ति मैठाणी, किरण पंवार, सुनीता रावत, सुशीला जगूड़ी, चित्रा पैन्यूली, कमला भट्ट, शोभा रावत, पूनम रावत, लीला नेगी, जय कृष्ण सेमवाल, अरविंद तोमर, सौरभ उनियाल, पूरण प्रसाद भट्ट, अनिल पंवार, भूपेंद्र सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, देवी प्रसाद डंगवाल, दिनेश कोठारी, दरबान सिंह रावत, अजगर अली, महबूब, धनवीर सैनी, अमर कुमार, तुषार और अभिनव चौहान समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार