विकासनगर: जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम को लेकर राज्य सरकार और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम की अनुबंध अवधि 31 मार्च 2026 को समाप्त होने के बाद से अब तक इसे आगे नहीं बढ़ाया गया है, जिससे 296 व्यावसायिक प्रशिक्षकों और 25 से 30 हजार छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।

पत्रकार वार्ता में नेगी ने कहा कि साढ़े तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री की उदासीनता के कारण प्रशिक्षकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है, जबकि हजारों छात्र भी व्यावसायिक शिक्षा से वंचित हो रहे हैं।

नेगी ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके बंद होने से छात्रों के रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रभावित होंगे।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम को पुनः शुरू कर प्रशिक्षकों को न्याय नहीं दिया, तो जन संघर्ष मोर्चा इस मुद्दे को शासन स्तर पर उठाने के साथ व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।

पत्रकार वार्ता में विजय राम शर्मा और दिलबाग सिंह भी मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार