विकासनगर। उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि विकासनगर के हरबर्टपुर स्थित एम.ए. स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ी कार्तिक पटेल का चयन 10वीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 15 से 23 जुलाई तक वियतनाम के डोंगनाई प्रोविंस में आयोजित की जा रही है, जिसमें कार्तिक 50 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्तिक पटेल पिछले 10 वर्षों से कोच सारिका पटेल के मार्गदर्शन में पेंचक सिलाट का नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड के लिए कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसके अलावा खेलो इंडिया बीच गेम्स में भी उन्होंने उत्तराखंड के लिए पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन होने पर उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने भी कार्तिक पटेल को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्तिक के चयन से विकासनगर, हरबर्टपुर और पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार