देहरादून। नई दिल्ली के ऐतिहासिक तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 18 एवं 19 जुलाई को आयोजित खेल कराटे राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए हजारों खिलाड़ियों के बीच रेनबो चिल्ड्रन्स एकेडमी, बाड़वाला (विकासनगर, देहरादून) के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। विद्यालय के छह खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों व भार वर्गों में कुल तीन स्वर्ण, एक रजत एवं दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में अंडर-12 आयु वर्ग में अक्षित चौहान ने स्वर्ण पदक, अंडर-14 आयु वर्ग में हिमांशु पुन ने स्वर्ण पदक तथा अंडर-10 आयु वर्ग में अक्षित रावत ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-10 आयु वर्ग में नव पंवार ने रजत पदक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त अंडर-12 आयु वर्ग में मनन ने कांस्य पदक तथा अंडर-14 बालिका वर्ग में सांची क्षेत्री ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों के साथ कराटे कोच अनुज कुमार एवं अकादमी मैनेजर निशांत पंवार भी उपस्थित रहे और पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि सभी पदक विजेता छात्र-छात्राएं पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से रेनबो चिल्ड्रन्स एकेडमी में शोतोकान कराटे शैली का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय में कराटे प्रशिक्षण की शुरुआत सेंसेई आचार्य आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगे हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक निशांत पंवार ने सभी पदक विजेताओं, प्रतिभागियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक मेहनत एवं लगन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या आरती तोमर ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं कोच को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, प्रशिक्षकों के समर्पण तथा विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए उत्कृष्ट प्रशिक्षण वातावरण का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार