विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पालिका परिषद, हर्बटपुर द्वारा आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शिविर में नागरिकों का विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण-पत्र एवं अन्य सहायता वितरित की गई। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही कई सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर उपस्थित पूर्व विधायक एवं वन पंचायत सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे आमजन का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद हर्बटपुर की अध्यक्ष श्रीमती नीरू देवी, राज्यमंत्री ओमवीर राघव, संतोष रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
