प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “हरित उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” महाअभियान के तहत हरेला लोकपर्व के अवसर पर उत्तराखंड की “ट्री वूमेन” के नाम से प्रसिद्ध एवं भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी अग्रवाल के नेतृत्व में सहसपुर क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सहसपुर की सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं, विभिन्न ग्राम सभाओं की महिला प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अभियान में भागीदारी कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सावन माह के दौरान यह अभियान गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा हरियाली बचाने के लिए प्रेरित करेगा।

अभियान का शुभारंभ करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी अग्रवाल एवं महागौरी शक्ति संगठन, भगवानपुर (देहरादून) ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक हरियाली, जैव विविधता और बहुमूल्य जड़ी-बूटियों के कारण विश्वभर में विशेष पहचान रखता है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा पर्यटन और उससे जुड़े स्वरोजगार पर आधारित है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर मातृशक्ति की है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत आने वाले दिनों में सहसपुर क्षेत्र में लगभग एक लाख पौधों का रोपण एवं वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से देहरादून जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे लोगों का व्यापक सहयोग मिल रहा है। इसी क्रम में महागौरी शक्ति संगठन के सहयोग से इस वर्ष भी बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में कुसुम जुगरान, नेहा डिमरी, पुष्पा भट्ट, कुसुम रतूड़ी, सुशीला, सुमन चौहान, रेखा उनियाल, सविता, रामेश्वरी देवी, सुधा रावत, गुड्डी देवी, अनीता, मनीष शर्मा, कमला, सुखवंती देवी एवं सीमा रमोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
