देहरादून, 21 जुलाई। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित तीन दिवसीय ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया।
कार्यक्रम में कैंट बोर्ड चकराता के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिपु दमन सिंह, उपाध्यक्ष अनिल चांदना तथा खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और गांवों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विभिन्न विभागों के समन्वय और जनभागीदारी को कार्यक्रम की सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम के तहत जौनसार पब्लिक स्कूल, चकराता के विद्यार्थियों के बीच ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति का संदेश देते हुए आकर्षक चित्र और पोस्टर तैयार किए।
इसके अलावा बाल विकास विभाग, खंड विकास विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा सूचना स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में चित्र प्रदर्शनी, जन-जागरूकता गतिविधियां, प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े सूचना स्टॉलों के माध्यम से आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
