हरबर्टपुर: नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान और नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर की अध्यक्ष नीरू देवी ने किया।
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय सेवाओं तथा लाभार्थी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं चिकित्सा शिविर में 381 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का महत्वपूर्ण संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर के निकट ही किया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी ने कहा कि इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविर जनता और शासन-प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर जनहित और जनसेवा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री कुलदीप कुमार, राज्यमंत्री ओमवीर सिंह राघव, उपजिलाधिकारी विनोद कुमार, खंड विकास अधिकारी शक्ति प्रसाद भट्ट, तहसीलदार विवेक राजौरी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र पंवार, भाजपा पदाधिकारी, सभासद, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
